आरपीएफ ने ऑपरेशन अमानत चलाकर यात्री का खोया बैग सुरक्षित लौटाया

Posted on: 2026-05-23


जगदलपुर, 23 मई । रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट जगदलपुर द्वारा शनिवार काे ऑपरेशन अमानत के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए एक यात्री का खोया हुआ बैग सुरक्षित बरामद कर उसके वास्तविक मालिक को सौंपकर सराहनीय कार्य किया गया। मामले की जानकारी देते हुए आरपीएफ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि आज सुबह लगभग 9:15 बजे ओडिशा निवासी कमला कांत दास (45 वर्ष) आरपीएफ पोस्ट जगदलपुर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई कि उनका काले रंग का पिठ्ठू बैग, जिसमें कपड़े, पहचान पत्र एवं अन्य आवश्यक सामान रखा हुआ था, रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से गायब हो गया है।

पूछताछ के दौरान शिकायतकर्ता ने बताया कि वे टिकट बनवाने के लिए पीआरएस काउंटर गए थे और जल्दबाजी में अपना बैग प्लेटफॉर्म पर ही छोड़ गए थे। वापस लौटने पर बैग वहां नहीं मिला, जिसके बाद आरपीएफ टीम तत्काल सक्रिय हुई और ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों एवं स्टाफ ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। जांच के दौरान फुटेज में यह सामने आया कि एक अन्य परिवार समान दिखने वाला बैग समझकर गलतीवश उक्त बैग अपने साथ ले गया था। इसके बाद आरपीएफ टीम ने सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर संबंधित चार पहिया वाहन की पहचान की और वाहन चालक से संपर्क स्थापित किया। आरपीएफ की तत्परता से कैब चालक को बैग सहित रेलवे स्टेशन लौटने के निर्देश दिए गए। कुछ समय बाद मलिना प्रवीण कुमार अपने परिवार के साथ आरपीएफ पोस्ट पहुंचे और बैग प्रस्तुत करते हुए बताया कि उनके पास भी उसी प्रकार का काले रंग का बैग था, जिसके कारण वे भूलवश शिकायतकर्ता का बैग अपने साथ ले गए थे। शिकायतकर्ता द्वारा बैग की जांच करने पर उसमें रखा समस्त सामान सुरक्षित एवं सही स्थिति में पाया गया।

आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया और सत्यापन के बाद बैग को उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया। अपना सामान सकुशल वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने आरपीएफ स्टाफ की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

आरपीएफ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए आरपीएफ लगातार सतर्कता के साथ कार्य कर रही है तथा ऑपरेशन अमानत के माध्यम से खोए हुए सामान को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।