NASA के चंद्र मिशन के लिए प्राडा का खास स्पेस गारमेंट, लग्ज़री ब्रांड की बड़ी छलांग

Posted on: 2026-06-08


इटैलियन लग्ज़री फैशन हाउस प्राडा ने अंतरिक्ष क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए NASA के भविष्य के मिशनों के लिए विशेष इनर-लेयर गारमेंट पेश किया है। यह गारमेंट अमेरिकी स्पेस इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी एक्सिओम स्पेस के साथ मिलकर विकसित किया गया है और इसे अंतरिक्ष यात्रियों को बेहतर आराम और तापमान नियंत्रण देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

ह्यूस्टन स्थित एक्सिओम स्पेस के सहयोग से बनाए गए इस बॉडी-फिटिंग गारमेंट में विशेष वेंटिलेशन ट्यूब्स बुनी गई हैं, जो अंतरिक्ष यात्रियों के शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने में मदद करेंगी। न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्राडा के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर लोरेंजो बर्टेली ने कहा कि कंपनी के पास तकनीकी नवाचार और डिजाइन की ऐसी क्षमताएं हैं, जिन्हें अंतरिक्ष क्षेत्र में भी उपयोग किया जा सकता है।

एक्सिओम स्पेस के CEO जोनाथन सिर्टेन ने भी इस साझेदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अंतरिक्ष तकनीक के विकास में कई अलग-अलग उद्योगों की विशेषज्ञता योगदान दे सकती है। उनके अनुसार, फैशन और टेक्नोलॉजी का यह मेल भविष्य के स्पेस मिशनों के लिए नए अवसर पैदा कर सकता है।

यह नया गारमेंट उस स्पेससूट के बाद पेश किया गया है, जिसे प्राडा ने 2024 में अंतरिक्ष अभियानों के लिए डिजाइन किया था। उम्मीद की जा रही है कि इस तकनीक का उपयोग NASA के आर्टेमिस कार्यक्रम के तहत होने वाले मिशनों में किया जाएगा। आर्टेमिस-3 मिशन को 2027 में लॉन्च किए जाने की योजना है, जबकि आर्टेमिस-4 के तहत 2028 में चंद्रमा पर मानव लैंडिंग का लक्ष्य रखा गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि प्राडा का यह कदम केवल फैशन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अंतरिक्ष पर्यटन और भविष्य की स्पेस इकोनॉमी में संभावित अवसरों को भी दर्शाता है। न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस की लग्ज़री ब्रांड विशेषज्ञ थोमई सेरदारी के अनुसार, प्राडा अब केवल अंतरिक्ष से प्रेरणा लेने वाला ब्रांड नहीं रहा, बल्कि वह इस क्षेत्र का सक्रिय भागीदार बन चुका है।

उन्होंने कहा कि स्पेस इंडस्ट्री में प्राडा की दिलचस्पी के पीछे दो प्रमुख कारण हैं—पहला, भविष्य में अंतरिक्ष यात्रा करने वाले उच्च आय वर्ग के ग्राहकों तक पहुंच बनाना और दूसरा, ब्रांड को अत्याधुनिक सोच और नवाचार से जोड़ना।

गौरतलब है कि अंतरिक्ष पर्यटन के क्षेत्र में पहले से ही कई बड़ी कंपनियां सक्रिय हैं। जेफ बेजोस की ब्लू ओरिजिन और एलन मस्क की स्पेसएक्स जैसी कंपनियां आम नागरिकों, खासकर संपन्न वर्ग के लिए अंतरिक्ष यात्रा को वास्तविकता बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। ऐसे में प्राडा जैसी लग्ज़री कंपनियों का इस क्षेत्र में प्रवेश भविष्य के बाजार को देखते हुए अहम माना जा रहा है।

प्राडा अकेला ब्रांड नहीं है जो स्पेस सेक्टर में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है। इससे पहले अंडर आर्मर ने वर्जिन गैलेक्टिक के साथ स्पेसवियर विकसित करने के लिए साझेदारी की थी, जबकि कोलंबिया स्पोर्ट्सवियर अंतरिक्ष अभियानों के लिए विशेष फैब्रिक तकनीक पर काम कर रहा है।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अन्य प्रमुख लग्ज़री ब्रांड भी प्राडा की राह पर चलेंगे या नहीं। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि लग्ज़री इंडस्ट्री में ट्रेंड सेट करने की होड़ के बीच अंतरिक्ष क्षेत्र आने वाले वर्षों में फैशन ब्रांड्स के लिए एक नया और आकर्षक मंच बन सकता है।