दंतेवाड़ा, 10 जून 2026
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 की पंचायत विकास योजना के प्रभावी निर्माण एवं क्रियान्वयन के उद्देश्य से जनपद पंचायत दंतेवाड़ा में जनपद स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण विकास योजनाएं तैयार करने तथा सतत एवं समावेशी विकास को बढ़ावा देना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक तथा मितानिनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को पंचायत विकास योजना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षकों द्वारा स्थानीय सतत विकास के नौ प्रमुख लक्ष्यों, गुणवत्तापूर्ण ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया, बंधित एवं अबंधित निधियों के प्रभावी उपयोग, पंचायत उन्नयन सूचकांक, बाल सभा एवं महिला सभा की भूमिका तथा ग्राम विकास में उनकी सहभागिता जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही पंचायतों में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, संसाधनों के समुचित उपयोग और जनभागीदारी को बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में संकाय सदस्यों, करारोपण अधिकारी तथा पीरामल फाउंडेशन की टीम ने प्रशिक्षक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को ग्राम स्तर पर विकास योजनाओं की प्राथमिकता तय करने, विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा पारदर्शी एवं जवाबदेह पंचायत व्यवस्था विकसित करने संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने पंचायत विकास योजनाओं के निर्माण से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं को समझा तथा ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर और विकासोन्मुख बनाने के लिए आवश्यक सुझाव प्राप्त किए। कार्यक्रम के सफल आयोजन से पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यकर्ताओं में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा स्थानीय विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने की दिशा में नई ऊर्जा और समझ विकसित हुई।